मोहाली में महामुकाबलाः आमने-सामने होंगे भारत-पाकिस्तान

मोटेरा फतह हो चुका है, टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया को मात दे सेमीफाइनल में एंट्री कर चुकी है। अब 30 मार्च को मोहाली में होगा ‘महामुकाबला’, इस वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा मैच, जब चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान आमने सामने होंगे।

वीरवार को मोटेरा में टीम इंडिया लक्ष्य के करीब पहुंच रही थी। बीच-बीच में विकेट भी गिर रहे थे। पूरे देश के साथ ही ट्राईसिटी में क्रिकेट प्रेमियों का दिल जोर से धड़क रहा था। 47वें ओवर में ब्रेट ली की चौथी गेंद पर जैसे ही युवराज ने विनिंग शॉट लगाया, पीसीए स्टेडियम मोहाली में भारत-पाक के बीच सेमीफाइनल तय हो गया।

टिकटवाले किस्मतवाले

मोहाली में सेमीफाइनल के टिकटों के लिए शुरू से ही मारामारी थी। टिकट 21 मार्च को बिकने शुरू हुए थे और डेढ़ दिन में ही बिक गए थे। टिकट के लिए लोगों ने 20 मार्च की रात को ही पीसीए के बाहर डेरा डाल दिया था।

योगराज बोले: देर रात 11.15 बजे युवराज के पिता योगराज सिंह से बात हुई। वह दिल्ली में थे। उन्होंने कहा, कि वह तो सो रहे थे, बाद में मोबाइल देखा तो ढेरों मिस कॉल आई हुई थी। कॉल बैक किया तो पता चला कि इंडिया जीत गया है और युवी ने जीत में अहम भूमिका निभाई है।

बनेंगे इतिहास के गवाह

मोहाली स्टेडियम के 18 साल के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा जब वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में टीम इंडिया पाकिस्तान से भिड़ेगी। 30 मार्च को स्टेडियम में यह मैच देखने वाले बनेंगे इतिहास के गवाह।

पिच क्यूरेटर ने नहीं खोले पत्ते

मोहाली में वर्ल्ड कप के दो लीग मैचों में साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने अपने से कमजोर टीमों के खिलाफ जमकर रन बनाए थे। भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई वोल्टेज मैच में मोहाली की पिच कुछ अलग नजर आएगी। हालांकि पिच क्यूरेटर दलजीत सिंह ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन इतना तय है कि यह सेमीफाइनल यादगार होगा।

ऐसे मिला सेमीफाइनल

पीसीए मोहाली को सेमीफाइनल मैच मिलने की कहानी भी रोचक है। पिछले साल मई में वर्ल्ड कप वेन्यु तय करने के लिए मीटिंग हुई थी। उसमें नियम था कि जो स्टेट एसोसिएशंस वर्ल्ड कप में इंडिया के लीग मैच की मेजबानी करना चाहती हैं उन्हें सेमीफाइनल या क्वार्टर फाइनल के मैच नहीं मिलेंगे।

बाकी स्टेट एसोसिएशंस ने इंडिया के लीग मैच मांग लिए क्योंकि तब न वर्ल्ड कप शुरू हुआ था, न यह पक्का था कि इंडिया सेमीफाइनल तक का सफर तय कर पाएगी. लेकिन पीसीए ने इंडिया का कोई लीग मैच नहीं मांगा, इसीलिए उसे सेमीफाइनल मिल गया। भारत में होने वाले एकमात्र क्वार्टर फाइनल के लिए पर्ची डाली गई थी, जिसमें अहमदबाद का नाम निकल आया और इस तरह इंडिया और ऑस्ट्रेलिया का क्वार्टर फाइनल मोटेरा को मिल गया।

पाकिस्तान

1 में हारः आफरीदी की कप्तानी में भारत और पाकिस्तान का एक बार मुकाबला हुआ, जिसमें पाक को हार का मुंह देखना पड़ा।

69 में पाक का पलड़ा भारीः भारत-पाकिस्तान के बीच अब तक खेले गए 119 वन डे में पाकिस्तान ने 69 मैच जीते हैं।

पीसीए में पाक भारीः मोहाली में दोनों टीमें अब तक दो बार आमने-सामने आई हैं और दोनों बार बाजी पाक के नाम रही। 1999 में पाक ने भारत को 7 विकेट से, 2007 में 4 विकेट से हराया था।

भारत

6 बार जीतः धोनी की कप्तानी में भारत और पाकिस्तान के बीच 11 बार मुकाबला हुआ है, जिसमें से भारत ने 6 मैचों में जीत दर्ज की।

46 में भारत जीताः भारत-पाकिस्तान के बीच अब तक खेले गए 119 वन डे में भारत ने 46 मैच जीते हैं। 4 मैच बेनतीजा रहे।

वर्ल्ड कप में भारत भारीः वर्ल्ड कप के इतिहास में दोनों टीमें अब तक चार बार आमने-सामने आ चुकी हैं और चारों मौकों पर भारत ने पाकिस्तान को शिकस्त दी है।
 
Blogflare Gallery